धमतरी(ईएमएस)। जिले में पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से पशु बीमा योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीएससी अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से ग्राम पंचायत कुरमातराई और डोमा में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों और ग्रामीण हितग्राहियों को पशु बीमा योजना की संपूर्ण, व्यावहारिक और सरल जानकारी देना था। शिविर में योजना का उद्देश्य, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, बीमा प्रीमियम, कवरेज, दावा प्रक्रिया और लाभों की जानकारी आसान भाषा में समझाई गई। इस दौरान जिला प्रबंधक विनय गिरी और सीएससी राज्य कार्यालय से प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि तेजेश्वर साहू ने बताया कि पशु की आकस्मिक मृत्यु होने पर कंपनी द्वारा निर्धारित मूल्यांकन के अनुसार पशु मालिक को बीमा राशि दी जाती है, जिससे आर्थिक नुकसान की भरपाई संभव होती है। उन्होंने पशु स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, मूल्यांकन प्रमाण पत्र और बीमा दावा प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि पशु बीमा के लिए आवेदन प्रक्रिया सीएससी के माध्यम से सरल, पारदर्शी और समयबद्ध है। इच्छुक पशुपालकों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, नामिनी का आधार कार्ड, पशु का फोटो और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।