कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबा-पश्चिम क्षेत्र अंतर्गत दीपका पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 100 लीटर कच्ची महुआ निर्मित्त अवैध मादक द्रव्य पदार्थ को जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ इलाकों में अवैध रूप से महुआ निर्मित्त अवैध मादक द्रव्य पदार्थ को बना उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना दीपका पुलिस ने ग्राम लोटानपारा केराकछार, धुरेना और सिरकीखुर्द सहित कुल पांच ठिकानों पर छापा मारा। कार्यवाही के दौरान चार कथित आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिला पुलिस का कहना है कि अवैध मादक द्रव्य पदार्थ और नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।