कांकेर(ईएमएस)। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के नयापारा में सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित प्रवेश मदन नेगी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रवेश नेगी के अनुसार उनकी पत्नी ट्रेनिंग के सिलसिले में रायपुर गई थीं और माता-पिता की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण पूरा परिवार 26 जनवरी को घर में ताला लगाकर रायपुर चला गया था। इसी दौरान रिश्तेदार इंद्रजीत शोरी ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। इंद्रजीत ने घर के अंदर जाकर देखा तो ऊपर पोर्च का दरवाजा खुला था और चैनल गेट का ताला टूटा मिला। जब परिवार अंतागढ़ पहुंचा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर चार आलमारियों के लॉकर भी तोड़े गए थे। चोर घर से दो मोबाइल, एक ब्लूटूथ स्पीकर और करीब 2 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।