परिजनों ने बताया घंटों करते थे बात, रिश्ता करीबी होने से नहीं हुआ किसी को शक गोरखपुर,(ईएमएस)। गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र में प्यार का मामला सामने आया जिसने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है। मामला यह है कि कक्षा 9 में पढ़ने वाले 15 साल के छात्र को उसकी 35 साल की चाची भगाकर ले गई। परिवार वालों ने बहुत खोजबीन की, रिश्तेदारों से पूछा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। थक हार कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हफ्ते भर बाद दोनों को बरामद कर मामले का खुलासा किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि परिवार वालों ने पहले तो लोकलाज के डर से इस घटना को छुपाया, लेकिन जब चाची और भतीजे को खोजने में सफलता नहीं मिली तो पुलिस का सहारा लिया। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया की दोनों घंटों-घंटों बात किया करते थे। रिश्ता ऐसा था कि कोई शक नहीं करता था। महिला का पति यानी छात्र का चाचा बाहर रहता है। 26 जनवरी की दोपहर से लापता हुए चाची और भतीजे को पुलिस ने बरामद कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चाची अपने भताजे के प्यार में इतनी पागल हो गई कि उससे शादी करना चाहती थी। आरोप है कि चाची ने नाबालिग को अपने जाल में फंसाया, फिर घर से भागकर शादी रचाने की योजना बनाई, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। बता दें 26 जनवरी को अचानक लापता हुए चाची-भतीजे की तलाश में परिजनों ने पीपीगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। काफी मशक्कत के बाद सोमवार को दूसरे थाने की पुलिस ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया और पीपीगंज पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चाची घर से भागकर शादी करने की योजना बना रही थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनका प्लान फेल कर दिया। पकड़े जाने के बाद भी चाची जिद पर अड़ी रही कि वह भतीजे के साथ ही रहना चाहती है। थाने में परिजनों के समझाने के बाद आखिरकार भतीजा मान गया। चाची के मायके वालों ने भी उसे काफी समझाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के परिजनों ने कोई भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए। सिराज/ईएमएस 11फरवरी26 -----------------------------------