-आस्था सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद दूसरी महिला ने भी किया वीडियो शेयर कानपुर,(ईएमएस)। कानपुर के बैंक में महिला कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। बता दें 6 जनवरी को हुआ विवाद उस समय सार्वजनिक हुआ जब बैंक कर्मचारी आस्था सिंह का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें वह कहती नजर आ रही हैं कि मैं ठाकुर हूं...ठाकुर। ज्यादा बकवास मत करो...इस वीडियो के वायरल होने के बाद आस्था सिंह सामने आईं और पूरा वाक्या बताया। इसके बाद दूसरी महिला ऋतु त्रिपाठी का भी वीडियो सामने आया है। उन्होंने भी उस वीडियो के बारे में अपनी बात रखी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ऋतु त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर कहा कि मैं ऋतु त्रिपाठी हूं। मायके से त्रिपाठी और ससुराल से मिश्रा हूं, जिन त्रिपाठियों के बारे में ‘ठाकुर गर्ल’ ने बातें कहीं और जिनकी बेइज्जती बताई गई, वह मैं ही हूं, जिस परिवार की प्रतिष्ठा पर सवाल उठे, वह मेरा परिवार है। जिन्हें गालियां सुननी पड़ीं, वह मैं हूं, जिन्हें लैपटॉप मारने तक की धमकी दिए जाने की बात कही गई, वह भी मैं ही हूं। वह मेरे पति हैं, मेरा परिवार है। इतना सब होने के बाद भी मैंने कोई वीडियो वायरल नहीं किया। वीडिया में ऋतु त्रिपाठी ने कहा कि मैं किसी तरह के झूठे वीडियो फैलाकर चर्चा में आने या किसी नायिका की छवि बनाने की इच्छा नहीं रखती। मैं ब्राह्मण हूँ और अपनी पहचान पर मुझे गर्व है। मैं आप सभी से केवल इतना निवेदन करती हूं कि यदि मैं गलत नहीं हूँ, तो मेरा साथ दें। कानपुर की एक बेटी होने के नाते मैं न्याय और सम्मान की अपेक्षा करती हूं। वहीं बैंक कर्मचारी आस्था सिंह का आरोप है कि बैंक परिसर में उनसे ऊंची आवाज में सवाल पूछे गए। उन्होंने दावा किया कि बातचीत में उनकी जाति के बारे में पूछा और उनसे साथ अपमानजनक भाषा में बात की गई। जब मेरे से जाति पूछी गई तो मैंने बता दी। आस्था ने यह भी कहा कि विवाद की जड़ केवल इस्तीफा नहीं था। उनके मुताबिक उसी दिन सुबह ऋतु त्रिपाठी की बहन बैंक आई थीं और किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आस्था का दावा है कि दोपहर में उसी घटना को लेकर ऋतु अपने पति के साथ बैंक पहुंचीं और स्थिति विवाद में बदल गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। बता दें दोनों पक्षों के बयानों में आरोपों की दिशा अलग-अलग है। जहां आस्था सिंह कार्यस्थल पर दबाव और धमकी की बात कर रही हैं, वहीं ऋतु त्रिपाठी मिश्रा परिवार की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि पर प्रश्न उठने की बात कह रही हैं। सिराज/ईएमएस 11फरवरी26 ----------------------------------