मनोरंजन
12-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी ने अपने जीवन, करियर और भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चुनौतियों पर खुलकर बात की। एक बातचीत में सनी से पूछा गया कि हॉलीवुड में एक्टर्स अक्सर पॉलिटिकल मुद्दों पर बेबाक होकर अपनी राय रखते हैं, लेकिन भारत में ऐसा कम देखने को मिलता है। इस पर सनी ने बिना झिझक कहा कि भारत में चीजें बेहद जटिल हैं और कई समूहों के बीच किसी भी छोटे बयान को बड़ा मुद्दा बना दिया जाता है। उन्होंने कहा, “भारत में कई तरह के समूह हैं। आपको कभी नहीं पता चलता कि आपकी कौन-सी बात किसे बुरी लग जाए। बात को पकड़कर उसे ट्विस्ट कर देना यहां बहुत आसान है।” सनी के मुताबिक, यही कारण है कि कई भारतीय सेलिब्रिटीज पॉलिटिक्स पर चुप रहना ही ज्यादा सुरक्षित समझते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शब्द को गलत तरीके से पेश किया जा सकता है, इसलिए पब्लिक फिगर्स अक्सर राजनीतिक विवादों से दूरी बनाए रखते हैं। हालांकि, सनी लियोनी का यह भी मानना है कि कुछ मुद्दे ऐसे हैं जिन पर हर किसी को आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण जैसे विषय स्वच्छ हवा, पेड़-पौधों की जरूरत और शहरों की सफाई पर बेझिझक बात की जा सकती है क्योंकि ये चीजें आम लोगों से सीधे जुड़ी हैं और किसी राजनीतिक झगड़े का हिस्सा नहीं बनतीं। सनी ने बताया कि उनके पति डेनियल वेबर इन सामाजिक मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय रहते हैं। वह बीएमसी को ट्वीट करके अपने इलाके की समस्याएं बताते रहते हैं, और कई बार उनकी शिकायतों पर कार्रवाई भी होती है। सनी के मुताबिक, यदि कोई व्यक्ति पॉलिटिक्स पर बोलने के बाद आने वाले परिणाम झेलने के लिए तैयार है, तो वह जरूर इस पर चर्चा कर सकता है, लेकिन ज्यादातर कलाकार ऐसा जोखिम नहीं उठाना चाहते। सुदामा/ईएमएस 12 फरवरी 2026