क्षेत्रीय
12-Feb-2026


जांजगीर(ईएमएस)। जिले के राहौद नगर पंचायत के मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बिलारी चौक से बस स्टैंड रोड तक सड़क किनारे बनी नालियों पर व्यापारियों के कब्जे के कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का आगे का हिस्सा बढ़ाकर नालियों के ऊपर सामान सजाना शुरू कर दिया है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बाजार क्षेत्र पहले से ही संकरा है, ऐसे में बढ़ते अतिक्रमण के कारण पैदल चलने तक की जगह नहीं बच रही है। भीड़भाड़ के समय हालात और खराब हो जाते हैं। खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। बेतरतीब पार्किंग के कारण कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है। राहगीरों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सड़क पार करने में काफी कठिनाई होती है। तेज रफ्तार वाहनों और खड़े वाहनों के बीच से गुजरना जोखिम भरा साबित हो रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने और अनियंत्रित पार्किंग पर सख्ती करने की मांग की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026