क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


बस्तर(ईएमएस)। जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत अरंडवाल प्राथमिक शाला में गुरुवार को मध्याह्न भोजन के बाद 24 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद मेडिकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चों ने दोपहर में मिड-डे मील के तहत पत्ता गोभी की सब्जी सहित अन्य भोजन किया था। भोजन के बाद नियमित स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एल्बेंडाजोल (पेट के कीड़ों की दवा) और फाइलेरिया निरोधक दवा भी वितरित की गई थी। कुछ ही देर बाद बच्चों को असहज महसूस होने लगा। प्रभावित बच्चों में 10 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्कूल पहुंचकर सभी बच्चों की जांच की और प्राथमिक उपचार दिया। एहतियात के तौर पर एक छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निगरानी हेतु भर्ती किया गया है, जबकि अन्य बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उन्हें घर भेज दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने भोजन की गुणवत्ता और दवा वितरण प्रक्रिया की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर दवा सेवन के बाद सामान्य प्रतिक्रिया या घबराहट की संभावना जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026