जांजगीर(ईएमएस)। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए चांपा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नशीली कैप्सूल, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से दो युवक कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास नशीली कैप्सूल की बड़ी खेप है। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस और साइबर टीम ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रामकिशोर कश्यप (20 वर्ष), निवासी कोसमंदा थाना चांपा तथा प्रदीप पटेल (20 वर्ष), निवासी बुदेली चौकी रजगामार जिला कोरबा बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 469 स्ट्रीप नशीली कैप्सूल बरामद हुईं। प्रत्येक स्ट्रीप में 8 कैप्सूल होने से कुल 3,752 कैप्सूल जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 34,813 रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 BM 2797), दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 58/26, धारा 21(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026