- 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सरगुजा(ईएमएस)। राजीव गांधी स्नातकोत्तर कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने विरोध जताते हुए प्रदेश सचिव रचित मिश्रा के नेतृत्व में प्राचार्य से मुलाकात की और पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से सुरक्षा, शैक्षणिक और प्रशासनिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं। ड्रेस कोड और पहचान पत्र की अनिवार्यता का सख्ती से पालन नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से कैंपस में प्रवेश कर रहे हैं। छात्रों ने मुख्य द्वार पर सख्त जांच व्यवस्था लागू करने तथा आगंतुकों का नाम-पता रजिस्टर में दर्ज करने की मांग की। शैक्षणिक मुद्दों पर छात्रों ने 5वें सेमेस्टर एटीकेटी (ATKT) परिणाम जारी न होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि परिणाम में देरी से शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और वे पीजी प्रवेश से वंचित हो रहे हैं। छात्रों ने तीन दिन के भीतर परिणाम घोषित करने की मांग रखी। इसके अलावा कॉलेज पोर्टल पर फॉर्म भरने के नाम पर लिए जा रहे अतिरिक्त 5 रुपये शुल्क को छात्रों ने अनुचित बताया। साथ ही आईडी कार्ड शुल्क जमा करने के बावजूद कार्ड वितरण न होने को प्रशासनिक लापरवाही करार दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर तालाबंदी भी की जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान विकास, विवेक, सक्षम, अभिजीत, प्रिंस, विनय, अभय, सोनू और भोलू सहित अन्य छात्र मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026