बिलासपुर (ईएमएस)। एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं अंत्योदय के प्रवर्तक महान चिंतक पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर 11 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा सभी मंडलों एवं बूथों में श्रद्धापूर्वक पुण्य स्मरण किया गया। इस अवसर पर व्यापार विहार स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय उद्यान एवं श्रीकांत वर्मा मार्ग पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय मजबूत और सशक्त भारत के पक्षधर थे। उन्होंने राजनीति के साथ साहित्य में भी विशेष योगदान दिया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा जनसंघ की स्थापना के बाद वे उसके प्रथम महासचिव बने और संगठन को सुदृढ़ दिशा दी। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा तथा उन्होंने एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आवास योजना, आयुष्मान योजना एवं जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से धरातल पर उतारा है। आमजन के सर्वांगीण विकास का उनका चिंतन आज भी प्रासंगिक है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया गया। मनोज राज 12 फरवरी 2026