- सीने में हैंडल लगने से लगी चोट और हाथ भी टूटा राजगढ़(ईएमएस) जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के पूरा बारोल जोड़ पर बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मौत की असली वजह सामने आई—सीने में बाइक के हैंडल से लगी गहरी चोट। हादसे में युवक का एक हाथ भी टूट गया था। दूसरी बाइक का चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मृतक की पहचान रोशन तंवर (20) निवासी चांदपुर के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम अपनी बाइक से पूरा बारोल से लालपुरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोशन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे खिलचीपुर अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर विशाल सिसोदिया ने बताया कि युवक के सीने में हैंडल की गहरी चोट आई थी, जिससे अंदरूनी क्षति हुई और उसकी मौत हो गई। साथ ही एक हाथ में फ्रैक्चर भी पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद बाइक का हैंडल भी टूट गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद चांदपुर गांव में शोक का माहौल है।-निखिल /राजगढ़/12/2/2026