क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर से विचाराधीन कैदियों के फरार होने का एक और मामला सामने आया है। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर से दो आरोपी पुलिस अभिरक्षा से भाग निकले, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार आरोपियों की पहचान राजेश मारकण्डेय और तुलाराम मारकण्डेय के रूप में हुई है। दोनों आरोपी हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के मामलों में विचाराधीन थे और पेशी के लिए कोर्ट लाए गए थे। बताया जा रहा है कि पेशी के दौरान दोनों आरोपी कोर्ट मोहर्रिर की अभिरक्षा से अचानक फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। इस मामले में सिविल लाइंस थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। साथ ही न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026