- पीएम स्वनिधि योजना से मिलेगा ₹15 हजार से ₹50 हजार तक ऋण धमतरी(ईएमएस)। शहर क्षेत्र में ठेला-खोमचा, फेरी और खुले में व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आर्थिक सहायता प्राप्त करने का बेहतर अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को इस योजना के अंतर्गत 15 हजार से 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाएगा, जिससे वे अपने स्वरोजगार को मजबूत कर सकें। नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर प्रवीण सार्वा ने बताया कि आयोजित शिविर का उद्देश्य उन पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से जोड़ना है, जिन्होंने अब तक आवेदन किया है या आवेदन करना चाहते हैं। शिविर में आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और बैंक लिंकेज से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स को आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। निगम प्रशासन ने सभी पात्र पथ विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर शिविर में पहुंचकर शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।