धमतरी(ईएमएस)। नवीन कॉलेज आमदी के वार्षिक सम्मेलन में विधायक ओंकार साहू की उपेक्षा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से कांग्रेस जनप्रतिनिधियों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जनसभाओं और सरकारी आयोजनों से कांग्रेस प्रतिनिधियों को दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है, जो जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर चोट है। उन्होंने इसे पर्दे के पीछे की राजनीति बताते हुए ऐसी प्रवृत्ति को तुरंत बंद करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जमीनी मुद्दों पर संघर्ष करने वाली पार्टी रही है और किसी भी चुनौती से डरने वाली नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कांग्रेस जनप्रतिनिधियों का अपमान हुआ या उन्हें कमतर दिखाने की कोशिश की गई, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने एसडीएम के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों — विधायक, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य और पार्षद — को सरकारी कार्यक्रमों में उचित सम्मान दिया जाए। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी सहित योगेश शर्मा, दीपक सोनकर, आकाश गोलछा, सत्येन्द्र देवांगन, हित्तू गंगवीर, योगेश लाल, गजानंद रजक, चंदन रजक, चित्रांश रजक, देवेन्द्र देवांगन, सूरज पासवान, आशुतोष खरे, शंकर माखीजा, कन्हैया सोनी, गुड्डा दीवान, मानिक साहू, अंबर चन्द्राकर और अविनाश मरोठे समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026