- बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में शुरू हुई विवाह रस्में धमतरी(ईएमएस)। आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर शहर के शिवालयों में तैयारियां जोरों पर हैं। इतवारी बाजार स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के विवाह उत्सव की रस्में शुरू हो चुकी हैं। 11 फरवरी से धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जिसमें भगवान भोलेनाथ को हल्दी चढ़ाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा को हल्दी अर्पित की और अपनी आस्था प्रकट की। इस दौरान भक्तों ने एक-दूसरे को भी हल्दी लगाकर विवाह उत्सव की खुशी साझा की। देर रात तक मंदिर में दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। महोत्सव के तहत 12 फरवरी को मेहंदी कार्यक्रम, 13 फरवरी को मंगल गीत एवं संगीत संध्या तथा 14 फरवरी को भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी। बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे और उत्साहपूर्वक झूमते नजर आएंगे। मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्वक दर्शन करने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 फरवरी 2026