राजगढ़ (ईएमएस) सिविल अस्पताल ब्यावरा में रोगी कल्याण समिति की साधारण सभा की बैठक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछले एक माह की ओपीडी की समीक्षा करने, सभी टेंडरों की जांच करने तथा कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित स्टाफ को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। सोनोग्राफी की संख्या की जानकारी ली गई तथा मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को सोनोग्राफी का विस्तृत डेटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। रेडियोलॉजिस्ट की मांग शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को निजी रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं शासकीय अस्पताल में रोस्टर के माध्यम से लेने, अन्यथा लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने सख्ती से कहा कि अनावश्यक रेफर करने की शिकायतें अब नहीं आनी चाहिए। सीजर एवं नॉर्मल डिलीवरी की भी समीक्षा करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए। अटेंडर को संवेदनशील रहकर मरीजों की पूर्ण सहायता करने एवं उन्हें मानसिक सहयोग देने के निर्देश दिए गए। भोजन एवं लॉन्ड्री टेंडर का सत्यापन करने तथा तीन वर्ष से अधिक समय तक किसी एक ही वेंडर को टेंडर न देने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य में दक्षता बनी रहे। औषधि आपूर्ति की भी समीक्षा की गई। निजी हॉस्पिटल इंदौर द्वारा थैलेसीमिया मरीजों के बोन मैरो ट्रांसप्लांट हेतु राजगढ़ जिले को शामिल किए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने एमडी से चर्चा की तथा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने भी पत्राचार कर अनुमोदन दिलाने का आश्वासन दिया। अस्पताल के पीछे स्टोर हाउस निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी ब्यावरा को अस्पताल के आसपास संचालित दुकानों को आगामी 3 दिवस में डिमांड नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया ही यदि दुकानों द्वारा निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया गया हो तो उन्हें सील करने की कार्रवाई करने तथा उनके लाइसेंस की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी ब्यावरा गोविंद दुबे, रोगी कल्याण समिति सदस्य राजेश शर्मा, बीएमओ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी इकरार अहमद सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।-निखिल/राजगढ़/12/2/2026