क्षेत्रीय
12-Feb-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोडाडीह में जमीन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मकान की घेराबंदी कर रहे दंपती पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला के सिर पर ईंट से वार कर उसे घायल कर दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। ग्राम गोडाडीह निवासी अरथ बाई लहरे अपने पति रामाधार लहरे के साथ घर के सामने घेराबंदी के लिए सरिया का कॉलम खड़ा कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी बिन्दु पंकज और उसकी पत्नी पदमनी पंकज वहां पहुंचे और जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बिन्दु पंकज ने हाथ में रखी ईंट से अरथ बाई के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे पति रामाधार लहरे को भी धक्का-मुक्की कर मारपीट की गई। पीडि़ता ने पचपेड़ी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में जमीन विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। मनोज राज 12 फरवरी 2026