बस्ती (ईएमएस)। शहर से सटे नगर पंचायत गणेशपुर स्थित एसपीपीवाई शिशु विद्यालय गणेशपुर बस्ती के परिसर में गुरूवार को आर्य समाज के संस्थापक महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। आयोजन सामाजिक संस्था सक्षम कल्चर सेवा समिति, के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, समाजसेवियों और छात्रों ने स्वामी जी के बताए मार्ग पर चलने और ‘वेदों की ओर लौटो’ के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया। इसी कड़ी में जरूरतमंद 25 छात्र-छात्राओं में स्वेटर का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. सत्येन्द्र प्रताप सिंह और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनीश चौधरी ने माँ सरस्वती और स्वामी दयानंद सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अवनीश चौधरी ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती केवल एक सन्यासी नहीं थे, बल्कि वे एक क्रांतिकारी विचारक थे जिन्होंने भारत की सोई हुई चेतना को जगाया। आज के युवाओं को उनके ‘सत्यार्थ प्रकाश’ से प्रेरणा लेनी चाहिए। शिक्षा का अर्थ केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण है, और यही स्वामी जी का मुख्य संदेश था। उन्होंने सक्षम कल्चर सेवा समिति के इस प्रयास की सराहना की कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में भी सांस्कृतिक चेतना की अलख जगा रहे हैं। डॉ. सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सक्षम कल्चर सेवा समिति, गणेशपुर बस्ती द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है। सक्षम कल्चर सेवा समिति के पदाधिकारियों ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समिति बस्तियों और गाँवों में छिपी प्रतिभाओं को मंच देने और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्रों ने देशभक्ति गीतों और स्वामी जी के जीवन पर आधारित कविताओं के माध्यम से समां बांध दिया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार और समिति की ओर से सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्य रूप से मनोज कुमार श्रीवास्तव, सुमन श्रीवास्तव, सुप्रिया श्रीवास्तव, विशाल, रमेश कुमार गुप्ता, शिक्षक संतोष कुमार यादव, शिक्षिका विमला देवी, समाजसेवी आलोक मिश्र, सूर्य प्रकाश वर्मा, दिनेश सिंह, अजय कसौधन, राघवेंद्र प्रताप, अनूप श्रीवास्तव, विवेक पांडेय, महेश शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, सक्षम कल्चर सेवा समिति के सभी स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। ईएमएस / 12 फरवरी 26