क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


इलाज प्रभावित, सीएमएचओ बोले—जिम्मेदारों को देंगे नोटिस गुना (ईएमएस)। जिला अस्पताल में हाल ही में शुरू किए गए नए क्रिटिकल केयर ब्लॉक पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 10 दिन के ट्रायल पर चल रहे इस नए भवन में महज तीन दिन में ही ताले लटक गए, जिससे मरीजों का इलाज बुरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति यह रही कि पुराने अस्पताल से डॉक्टरों का जरूरी सामान नई क्रिटिकल केयर बिल्डिंग में शिफ्ट करा दिया गया था, लेकिन रात में अचानक ताला लगने से वही सामान अंदर बंद रह गया। नतीजतन कई डॉक्टर बिना उपकरणों के इलाज करने को मजबूर हुए। गुरुवार को जिला अस्पताल में हालात यह रहे कि कान रोग विशेषज्ञ को मोबाइल की टॉर्च जलाकर बच्ची की जांच करनी पड़ी, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ बिना मशीन के केवल अनुमान के आधार पर मरीजों को देखने को मजबूर हुए। मशीनें बंद भवन में रह जाने से डॉक्टर और मरीज दोनों ही परेशान नजर आए। हालांकि नई बिल्डिंग को किस कारण से बंद किया गया, इसको लेकर कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। इस पूरे मामले पर सीएमएचओ राजकुमार ऋषिश्वर ने कहा कि कुछ डॉक्टरों और स्टाफ को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पहले ही निर्देश दिए गए थे कि ट्रायल के दौरान नई बिल्डिंग में केवल बेहद जरूरी और बेसिक सामान ही रखा जाए। इसके अलावा बुधवार शाम को गु्रप में संदेश भी डाला गया था कि जिनके पास ज्यादा निजी या विभागीय सामान है, वे उसे अपने पास सुरक्षित रख लें। इसके बावजूद संबंधित स्टाफ की लापरवाही सामने आई है, जिसके कारण उनका सामान अंदर ही रह गया। ऐसे कर्मचारियों को नोटिस दिया जाएगा। सीएमएचओ ने यह भी स्पष्ट किया कि नई क्रिटिकल केयर बिल्डिंग में अभी पूरी तकनीकी टेस्टिंग बाकी है। ट्रायल के तौर पर कुछ दिनों के लिए ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड शिफ्ट किए गए थे, ताकि यह देखा जा सके कि व्यवस्था में क्या सुधार या बदलाव जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अभी इस भवन का औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है और एक-दो दिन में टेस्टिंग पूरी कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल नई बिल्डिंग में ताले लटकने से इलाज व्यवस्था प्रभावित हुई है और मरीजों को पुराने संसाधनों के सहारे काम चलाना पड़ रहा है, जिससे जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फिर सवाल उठने लगे हैं। सीताराम नाटानी