राज्य
12-Feb-2026


घर पर बात नहीं करवाई तो 3 घंटे वहीं रहे, पुलिस ने खोजा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के माढ़ोताल क्षेत्र में स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल के हॉस्टल से बुधवार रात दो छात्र अचानक लापता हो गए। देर रात मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने लगभग 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को दस्तयाब कर लिया। दोनों ही छात्र कक्षा में रखी अलमारी में ही छिपे मिले। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि रात में दोनों छात्र हॉस्टल में नहीं मिले जिस पर बाद माढ़ोताल थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम रात करीब 12 बजे स्कूल पहुंची। स्कूल गेट के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में दोनों छात्र परिसर से बाहर जाते दिखाई नहीं दिए। इसके बाद हॉस्टल और स्कूल परिसर में सघन तलाशी ली गई। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद दोनों छात्र कक्षा की अलमारी में छिपे मिले। उनकी पहचान सार्थक पटेल और आलोक के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पूछताछ में छात्र सार्थक पटेल ने बताया कि वह दोनों अपने घर जाना चाहते थे और इस संबंध में अपने माता पिता से फोन पर बात करना चाह रहे थे लेकिन दो सप्ताह से उनकी घर पर बात नहीं कराई जा रही थी। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह साथी के साथ कक्षा में गया और बाद में अलमारी में छिप गया। उसने कहा कि रविवार को भी माता-पिता से फोन पर बात नहीं कराई गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद सार्थक के पिता नरसिंहपुर गोटेगांव निवासी सीताराम पटेल ने बताया कि उनका बेटा कक्षा 6 में पढ़ता है। उन्होंने कहा कि हर रविवार बच्चों से फोन पर बात कराने का नियम है, लेकिन कई बार कॉल के बावजूद बात नहीं कराई जाती। वहीं माढोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता है। लिहाजा पुलिस जांच कर रही है कि उक्त मामला प्रताड़ना से जुड़ा है या संवाद की कमी से । सुनील साहू / मोनिका / 12 फरवरी 2026/ 03.53