क्षेत्रीय
12-Feb-2026
...


समस्तीपुर, (ईएमएस)। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय इलाके में बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक और एक महिला को गोली मार दी। युवक को बचाने आई महिला के हाथ में भी गोली लग गई। स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी, जिससे अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घायल युवक पप्पू पासवान को सीने और पीठ में चार गोलियां लगीं और उसकी हालत गंभीर है। पप्पू को बचाने की कोशिश में महिला रेखा देवी के हाथ में गोली लग गई। दोनों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक शर्मा ने कहा, यह घटना पप्पू और बदमाशों के बीच लंबे समय से चल रहे झगड़े की वजह से हुई। पुलिस ने फरार बदमाश की पहचान कर ली है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। मृतक बदमाश सनी पासवान (28) का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई के लिए सबूत इकट्ठा कर रही है। संतोष झा- १२ फरवरी/२०२६/ईएमएस