- एंड्रॉइड यूज़र्स को निशाना बनाकर साइबर फ्रॉड करने वाले 2 आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश में साइबर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। विनमेट एपीके के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह द्वारा थाना विधानसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि RTO echallan ई चालान के नाम से प्राप्त SMS में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के पश्चात उनके बैंक खाते से 4.52 लाख रुपया की राशि कट गई। पुलिस ने रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 8/26, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना रेंज साइबर थाना द्वारा प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान गूगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों एवं टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। आरोपी यूट्यूब एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “Task Complete”, “Instant Bonus”, “Referral Bonus” एवं गेम खेलकर कमाई जैसे प्रलोभन देकर Winmate, Wingo जैसे ऐप्स का प्रचार करते थे। ये ऐप्स Play Store/App Store पर उपलब्ध नहीं होते। इंस्टॉल करते ही उपयोगकर्ता को बोनस राशि दिखाई जाती है और “SMS Task” के नाम पर उसके मोबाइल नंबर से बड़ी संख्या में फर्जी चालान, बोनस लिंक एवं अन्य संदिग्ध लिंक भेजे जाते हैं। फर्जी SMS में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक खाते अथवा ई-वॉलेट से अवैध रूप से राशि निकाल ली जाती है। ठगी की रकम को छिपाने के लिए आरोपी Swiggy/Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से सामान खरीदकर अलग-अलग राज्यों में डिलीवरी करवाते थे। गिरफ्तार आरोपी पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल पिता हीराराम उम्र 20 वर्ष ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, बाड़मेर, राजस्थान, नरसिंह सिंह पिता नैना राम उम्र 24 वर्ष भोपालगढ़, जोधपुर, राजस्थान के आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड एवं बैंक खाते जब्त किए गए हैं। इससे पूर्व भी इसी प्रकार के अपराध में WinGo ऐप के माध्यम से साइबर फ्रॉड करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा एवं उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/12 फरवरी 2026