राष्ट्रीय
12-Feb-2026


सेवा तीर्थ के साथ कर्तव्य भवन 1-2 का उद्घाटन; नॉर्थ-साउथ ब्लॉक से सभी मंत्रालय भी हटेंगे नई दिल्ली(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 फरवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे नए प्रधानमंत्री ऑफिस सेवा तीर्थ के नाम का अनावरण करेंगे। इसके बाद शाम करीब 6 बजे सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन-1 और 2 का उद्घाटन करेंगे। फिर पीएम एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, नई दिल्ली में शुक्रवार को सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग स्थित साउथ ब्लॉक में पीएमओ का आखिरी दिन होगा। सेवा तीर्थ में शिफ्ट होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी यहां केंद्रीय कैबिनेट की विशेष बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कैबिनेट की यह बैठक शुक्रवार शाम 4 बजे तय है। अधिकारियों के मुताबिक, यह ब्रिटिश काल के सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग में आखिरी बैठक होगी। इसे 1900 के शुरुआती दशक में ब्रिटिश वास्तुकार हरबर्ट बेकर ने ब्रिटिश शासन की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन किया था। इसके साथ ही 1921 से सत्ता का केंद्र रहे नॉर्थ और साउथ ब्लॉक से सरकारी विभागों का दौर खत्म हो जाएगा। इन दोनों इमारतों को देश की सत्ता का केंद्र माना जाता रहा है। कर्तव्य भवन-1 और 2 में केंद्र सरकार के मंत्रालयों के ऑफिस होंगे। विनोद उपाध्याय / 12 फरवरी, 2026