राष्ट्रीय
12-Feb-2026
...


* डीआरएम अहमदाबाद सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात के भुज स्थित दीनदयाल पोर्ट प्राधिकरण (कांडला) में विकसित किए जा रहे मेगा कंटेनर टर्मिनल के निर्माण कार्य का 12 फरवरी 2026 को अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश, नरेन्द्र पंवर, मुख्य माल भाड़ा परिवहन प्रबंधक, पश्चिम रेलवे, तथा गांधीधाम एवं अहमदाबाद मंडल के एरिया मैनेजर आशीष धानीया द्वारा निरीक्षण किया गया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पश्चिम भारत के लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम को नई गति प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। निरीक्षण के दौरान परियोजना की निर्माण प्रगति, परिचालन तैयारियों एवं भावी क्षमता विस्तार की विस्तृत समीक्षाकी गई। यह अत्याधुनिक कंटेनर टर्मिनल लगभग 2.19 मिलियन टीईयू की वार्षिक हैंडलिंग क्षमता का होगा। टर्मिनल पर लगभग 1100 मीटर लंबी बर्थ विकसित की जा रही है, जिससे बड़े एवं आधुनिक कंटेनर जहाज़ों का संचालन संभव हो सकेगा। यह परियोजना पीपीपी मॉडल के अंतर्गत लगभग रु. 4,200 करोड़ के निवेश से विकसित की जा रही है। डीआरएम अहमदाबाद के विजिट के दौरान पोर्ट–रेल कनेक्टिविटी, कंटेनर मूवमेंट, रेक हैंडलिंग क्षमता तथा भविष्य की लॉजिस्टिक्स आवश्यकताओं पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही, भारतीय रेलवे द्वारा इस टर्मिनल को तेज़, सुरक्षित एवं निर्बाध रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने हेतु किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई। यह परियोजना दीनदयाल पोर्ट को एक सशक्त मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा भारतीय रेलवे और बंदरगाह क्षेत्र के बीच समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करेगी। सतीश/12 फरवरी