सीकर (ईएमएस)। राजस्थान के सीकर जिले में नीमकाथाना स्थित प्रसिद्ध गणेश्वर तीर्थ धाम के पवित्र कुंड में गुरुवार दोपहर अचानक एक सूटकेस फेंका गया, जिसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद श्रद्धालु और काम कर रहे मजदूर घबराकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो संदिग्ध युवक हाथ में एक सूटकेस और थैली लेकर धाम परिसर में पहुंचे। वे मोबाइल फोन पर बात करते हुए नजर आए। बिना किसी से बातचीत किए उन्होंने सीधे पवित्र कुंड की ओर बढ़कर सूटकेस पानी में फेंक दिया। सूटकेस के पानी में गिरते ही लगातार तीन तेज धमाके हुए। ऐसा प्रतीत हुआ मानो एक के बाद एक विस्फोट हो रहे हों। धमाके के साथ पानी ऊंचाई तक उछला, धुआं फैल गया और सूटकेस के टुकड़े कुंड की चारदीवारी तक जा पहुंचे। विस्फोट के बाद कुंड की दीवारों में दरारें दिखाई दीं। आसपास अज्ञात पदार्थ के छींटे और निशान भी पाए गए हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। उस समय कुंड के पास जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था, जहां कई मजदूर काम कर रहे थे। सुबोध/१२-०२-२०२६