मुरादाबाद(ईएमएस)। मुरादाबाद के डीएम अनुज सिंह ने बिलारी से सपा विधायक मोहम्मद फहीम और उनके परिवार के ओबीसी प्रमाणपत्र रद्द कर दिए हैं। शिकायतों की जांच और सुनवाई के बाद डीएम की अध्यक्षता वाली समिति ने यह फैसला लिया। समिति ने आदेश में कहा कि मोहम्मद फहीम इरफान का संबंध बिलारी तहसील के इब्राहीमपुर गांव में झोजा जाति (ओबीसी) से स्पष्ट रूप से साबित नहीं हुआ। इसलिए उन्हें झोजा जाति के तहत ओबीसी का लाभ देना उचित नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि विधायक के दादा मोहम्मद इस्लाम लेखपाल थे और खुद को सामान्य वर्ग में दर्ज करते थे। पुराने रिकॉर्ड में यह भी पाया गया कि बिलारी क्षेत्र में झोजा नहीं, बल्कि तुर्क समुदाय के लोग रहते हैं, जो सामान्य श्रेणी में आते हैं। मोहम्मद फहीम वही विधायक हैं, जिन्होंने जल जीवन मिशन पर सवाल उठाए थे। उस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सदन में उनसे बीवी की कसम खाने को कहा था। विनोद उपाध्याय / 12 फरवरी, 2026