राज्य
12-Feb-2026
...


:: 78वें सेना दिवस पर संकल्प: जयपुर से अरुणाचल के किबिथू तक 7,800 किमी का सफर तय कर रहीं आशा मालवीय :: इंदौर (ईएमएस)। नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस का संदेश लेकर जयपुर से निकलीं राष्ट्रीय एथलीट एवं पर्वतारोही आशा मालवीय गुरुवार को इंदौर पहुँचीं। भारतीय सेना के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शुरू हुई इस सोलो सायकिल यात्रा का उद्देश्य देश की सीमाओं को संकल्प के सूत्र में पिरोना है। इंदौर प्रवास के दौरान आशा ने सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े से भेंट की और अपनी यात्रा के रोमांचक अनुभव साझा किए। डॉ. खाड़े ने उनकी जीवटता की सराहना करते हुए कहा कि सायकिल के माध्यम से देश के पश्चिमी छोर से पूर्वी छोर तक की यह चुनौतीपूर्ण यात्रा न केवल साहसिक है, बल्कि महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण भी है। उन्होंने आशा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनकी इस राष्ट्रभक्ति को अनुकरणीय बताया। :: 7,800 किमी का दुर्गम पथ :: अपनी आगामी योजना साझा करते हुए आशा ने बताया कि इंदौर के बाद उनका अगला पड़ाव भोपाल होगा। यहाँ से वे उत्तर प्रदेश और बिहार के रास्ते होते हुए अरुणाचल प्रदेश के किबिथू (भारत का पूर्वी छोर) पहुँचकर अपनी यात्रा का समापन करेंगी। लगभग 7,800 किमी की इस लंबी यात्रा में वे विभिन्न राज्यों की संस्कृति और सेना के शौर्य गाथाओं को जन-जन तक पहुँचा रही हैं। :: साहस का सफरनामा : उपलब्धियों की सायकल :: राजगढ़ (म.प्र.) के छोटे से गाँव नाटाराम की रहने वाली 27 वर्षीय आशा मालवीय ने अपनी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। शारीरिक शिक्षा में स्नातक आशा ने अब तक कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं: - महिला सशक्तिकरण: 26,000 किमी की सायकिल यात्रा का रिकॉर्ड। - राष्ट्रीय मिशन: सशक्त सेना, समृद्ध भारत के तहत 17,500 किमी का सफर। - सैन्य सम्मान: फाजिल्का (वॉर मेमोरियल) से जयपुर तक 800 किमी की रैली। - पर्यटन संवर्धन: भोपाल से पचमढ़ी तक सोलो सायकिल मिशन की सफलता। - सैनिकों के प्रति समर्पण: शहबाज़ डिविज़न डायमंड जुबली के तहत विशेष अभियान। :: प्रेरणा की मिसाल :: आशा मालवीय वर्तमान में सैनिकों के साथ, सैनिकों के लिए अभियान के तहत भारत के मानचित्र पर साहस की नई इबारत लिख रही हैं। उनका यह सफर केवल दूरी तय करना नहीं, बल्कि उन रूढ़ियों को तोड़ना भी है जो महिलाओं की क्षमता को सीमित मानती हैं। इंदौर में उनके आगमन पर खेल प्रेमियों और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। प्रकाश/12 फरवरी 2026