:: इंदौर के बाणगंगा आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण; तिरंगा आहार और चेयर योग बने आकर्षण का केंद्र :: इंदौर (ईएमएस)। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयुष विभाग और भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय ने वृद्धजनों के बेहतर भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को बाणगंगा स्थित श्री महिला उत्कर्ष संस्थान गणेश बुजुर्ग आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को समर्पित एक विशेष होलिस्टिक वेल-बीइंग कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में 46 वरिष्ठजनों ने उत्साह के साथ भाग लेकर विशेषज्ञों से स्वास्थ्य परामर्श और उपचार प्राप्त किया। :: कुर्सी पर बैठकर योग का सीखा हुनर :: शिविर की शुरुआत योग अभ्यास से हुई, जहाँ डॉ. जितेन्द्र भालसे और उमेश चौहान ने बुजुर्गों की शारीरिक क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें चेयर योग (कुर्सी पर बैठकर योग) का विशेष प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि बढ़ती उम्र में जोड़ों के दर्द और गतिशीलता की कमी के बीच यह योग तकनीक वृद्धजनों के लिए अत्यंत लाभकारी है। योग के साथ-साथ वरिष्ठजनों के मनोरंजन के लिए खेलकूद की गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिससे आश्रम का माहौल खुशनुमा हो गया। :: तिरंगा आहार और औषधि वितरण :: खान-पान की आदतों में सुधार लाने के उद्देश्य से सुश्री रचना निगम ने तिरंगा आहार की महत्ता बताई, जिसमें विभिन्न रंगों वाली पौष्टिक सब्जियों और फलों को डाइट में शामिल करने की सलाह दी गई। शिविर के दौरान डॉ. ज्योति बडोले ने सभी वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद सुश्री बसन्ती दौडवे और रेखा भदौरिया द्वारा आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया गया। संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. मीना भायल और जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने इस अवसर पर कहा कि वृद्धजनों का मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि शारीरिक स्वास्थ्य। कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष नेहा शर्मा ने आभार व्यक्त किया। प्रशासन की इस पहल की बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। प्रकाश/12 फरवरी 2026