:: ऑस्ट्रेलिया में होने वाली विश्व स्पर्धा में संभालेंगे कमान; 14 को रवाना होगा 23 सदस्यीय दल :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ ने मध्य प्रदेश के खेल जगत को गौरवान्वित करते हुए इन्दौर के जयेश आचार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जयेश आचार्य को ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित होने वाली आईटीटीएफ विश्व पैरा फ्यूचर 2026 के लिए भारतीय पैरा टेबल टेनिस टीम का दल प्रमुख (चीफ-डी-मिशन) और मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। यह वैश्विक स्पर्धा 16 से 18 फरवरी तक खेली जाएगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का 23 सदस्यीय दल अपनी चुनौती पेश करेगा। भारतीय टीम की अगुवाई ओलंपिक रजत पदक विजेता और वर्तमान विश्व की नंबर-2 खिलाड़ी भाविना पटेल करेंगी। टीम में उनके साथ ओलंपियन सोनल पटेल और एशियाई खेलों के पदक विजेता संदीप डांगी जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारतीय टीम 14 फरवरी को मुंबई से ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरेगी। भारतीय टेबल टेनिस महासंघ की मीडिया समिति के चेयरमैन ओम सोनी ने बताया कि जयेश आचार्य पूर्व में भी कई अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाओं का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके इसी अनुभव को देखते हुए महासंघ ने उन्हें इस बार टीम के दल प्रमुख और प्रशिक्षण की दोहरी जिम्मेदारी दी है। पैरा टेबल टेनिस संघ के महासचिव प्रमोद गंगराड़े ने जानकारी दी कि टीम के साथ सहायक प्रशिक्षक के रूप में कर्नाटक के कृणाल तेलंग, फिजियोथेरेपिस्ट पवन कारपेंटर और वैभवी लपालीकर भी शामिल रहेंगे। जयेश आचार्य की इस उपलब्धि पर ओम सोनी, नरेंद्र कौशिक, प्रमोद सोनी, रिंकू आचार्य, प्रमोद गंगराड़े, अमित कोटिया, नीलेश वेद और गौरव पटेल सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए टीम को जीत की शुभकामनाएं दी हैं। प्रकाश/12 फरवरी 2026