:: World Greatest Record से सम्मानित हुई टीम; मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सौंपे प्रमाण-पत्र :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। प्रसारण जगत में नया मील का पत्थर स्थापित करते हुए आकाशवाणी इंदौर ने Worlds Greatest Record अपने नाम कर लिया है। यह गौरवशाली प्रमाण-पत्र भगवान महाकाल की राजसी सवारी के अभूतपूर्व और अनवरत सजीव प्रसारण के लिए प्रदान किया गया है। विगत वर्ष 18 अगस्त को आकाशवाणी इंदौर की क्रिएटिव टीम ने भक्ति और उत्साह से सराबोर महाकाल की राजसी सवारी का लगातार 05:30 घंटे तक आँखों देखा हाल प्रसारित किया था। इस प्रसारण की ऐतिहासिक सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण यह रहा कि इसे मध्य प्रदेश के सभी 19 आकाशवाणी केंद्रों ने एक साथ रिले किया। इस अनूठी उपलब्धि को Nirvin Worlds Greatest Record (NWGR) ने विश्व स्तर पर दर्ज कर वैश्विक मान्यता प्रदान की है। :: मुख्यमंत्री ने नवाजा, कहा- राष्ट्र का गौरव बढ़ा :: कालिदास संस्कृत अकादमी, उज्जैन के परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कीर्तिमान रचने वाली टीम को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक विरासत का ऐसा जीवंत और लंबा प्रसारण रेडियो के इतिहास में एक नया अध्याय है। उन्होंने इसे तकनीकी कौशल, कलात्मक अभिव्यक्ति और टीम भावना की साझा जीत बताया। :: सम्मानित हुए ये चेहरे :: प्रसारण दल के प्रमुख सदस्य ब्रह्मप्रकाश चतुर्वेदी, सुधा शर्मा, उदित तिवारी, मुकामसिंह चौहान, अखिलेश बाथम सहित तकनीकी विंग से सुदर्शन अंसोलिया, अभय कुमार गुप्ता और कार्यक्रम विंग के सहयोगियों को विश्व रिकॉर्ड के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह में NWGR की सचिव लतिका शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। प्रकाश/12 फरवरी 2026