:: बदनावर के द्वितीय चरण में 13 कंपनियों को भूमि आवंटित; 55 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार :: धार/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग ने औद्योगिक विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाई है। धार जिले के बदनावर में निर्माणाधीन पी.एम. मित्र पार्क के द्वितीय चरण में औद्योगिक निवेश के नए रिकॉर्ड स्थापित हुए हैं। इस चरण में 13 प्रमुख कंपनियों को 320 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिससे क्षेत्र में लगभग 7,500 करोड़ रुपये का नया निवेश आएगा। इस विस्तार के साथ ही पी.एम. मित्र पार्क में कुल निवेश का आंकड़ा 21,500 करोड़ रुपये के पार पहुँच गया है। अब तक यहाँ कुल 38 कंपनियों को 1,140 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। इस निवेश से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 55,000 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। एम.पी.आई.डी.सी. (MPIDC) द्वारा वर्तमान में लीज डीड और प्लॉट आधिपत्य की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही है। :: भिलोसा इंडस्ट्रीज का मेगा निवेश :: द्वितीय चरण का सबसे मुख्य आकर्षण भिलोसा इंडस्ट्रीज का आगमन है। कंपनी ने 4,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिसके लिए उन्हें 200 एकड़ भूमि आवंटित की जा रही है। मैन मेड फाइबर क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी के आने से मध्य प्रदेश में एमएमएफ (MMF) उद्योग के विकास का नया अध्याय शुरू होगा और अकेले इस इकाई से 3,500 नए रोजगार पैदा होंगे। :: पी.एम. मित्र पार्क : एक नजर में कुल प्रस्तावित निवेश ₹ 21,500 करोड़ से अधिक कुल आवंटित भूमि 1,140 एकड़ कुल सृजित रोजगार 55,000 (लगभग) द्वितीय चरण का निवेश ₹ 7,500 करोड़ (16,000 रोजगार) भिलोसा इंडस्ट्रीज निवेश ₹ 4,500 करोड़ :: ग्रीन पार्क और वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर :: एम.पी.आई.डी.सी. के कार्यकारी संचालक हिंमाशू प्रजापति के अनुसार, इस पार्क को स्टेट-ऑफ-द-आर्ट औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है: - पर्यावरण संरक्षण : 20 एमएलडी का जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्लांट और 10 मेगावाट का सोलर प्लांट। - प्रदूषण नियंत्रण : वायु प्रदूषण रोकने के लिए बॉयलर में कोयले के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध। - सोशल इन्फ्रास्ट्रक्चर : पार्क के समीप ही स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, खेल मैदान और कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। :: एमपी का मॉडल बना मिसाल :: हाल ही में चेन्नई में आयोजित वस्त्र मंत्रालय के चिंतन शिविर में मध्य प्रदेश के निवेश आकर्षण मॉडल की जमकर सराहना की गई। प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत रोड-शो और कॉन्क्लेव मॉडल को अन्य राज्यों ने भी अनुकरणीय बताया। अधिकारियों के अनुसार, शीघ्र ही पार्क के तीसरे चरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। प्रकाश/12 फरवरी 2026