व्यापार
13-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बाजार में फेरारी अपनी एक्सक्लूसिव सुपरकार फेरारी 849 टेस्टारोसा को जल्द लॉन्च करने जा रही है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 10.37 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मार्च 2026 तक इसके भारत आने की उम्मीद है। यह मॉडल फेरारी एसएफ 90 स्ट्राडाले की जगह लेगा और भारतीय बाजार में लेम्बोरगिनी रेव्यूल्टो को सीधे चुनौती देगा। इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका नाम है दशकों बाद फेरारी ने अपना आइकॉनिक टेस्टारोसा बैज वापस लाकर अपने रेसिंग इतिहास को फिर जीवित कर दिया है। परफॉर्मेंस की बात करें तो फेरारी 849 टेस्टारोसा किसी भी सुपरकार उत्साही के लिए सपने जैसी मशीन है। इसमें 4.0 लीटर ट्विन-टर्बो वी 8 इंजन के साथ प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम मिलता है। इंजन और तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलकर लगभग 1,050 बीएचपी की ताकत पैदा करते हैं। यह पावर 8-स्पीड ड्यूल-क्लच गियरबॉक्स के जरिए सभी पहियों तक भेजी जाती है। कंपनी का दावा है कि यह कार सिर्फ 2 सेकंड से थोड़ा अधिक समय में 0–100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। 200 किमी/घंटा की स्पीड तक पहुंचने में यह करीब 6 सेकंड लेती है और इसकी टॉप स्पीड 330 किमी/घंटा से ज्यादा है। खास बात यह भी है कि इलेक्ट्रिक मोड में यह कार लगभग 25 किमी तक चलाई जा सकती है। कार का इंटीरियर पूरी तरह ड्राइवर-केंद्रित है। इसमें सेंट्रल टचस्क्रीन नहीं दी गई है। ड्राइवर के सामने 16-इंच डिजिटल डिस्प्ले और पैसेंजर के लिए अलग स्क्रीन दी गई है। स्टीयरिंग पर फिजिकल कंट्रोल मौजूद हैं और गियर सेलेक्टर को क्लासिक फेरारी मैनुअल गियरबॉक्स स्टाइल में तैयार किया गया है। लुक्स की बात करें तो फेरारी 849 टेस्टारोसा सड़क पर बेहद आक्रामक और आकर्षक दिखती है। इसका लो और चौड़ा स्टांस, तीखे एयरोडायनामिक डिजाइन और बड़े एयर इनटेक्स इसे बेहद प्रीमियम स्पोर्टी अपील देते हैं। फ्रंट में एल-शेप एलईडी हेडलैंप्स और बीच की ब्लैक स्ट्रिप क्लासिक फेरारी डिजाइन की झलक दिखाते हैं। साइड प्रोफाइल में फ्लाइंग बट्रेस और बड़े इनटेक्स इसे और भी डायनामिक बनाते हैं, जबकि पीछे स्लिम टेललाइट्स, ऊपर की ओर लगा एग्जॉस्ट और बड़ा डिफ्यूज़र इसे रेस ट्रैक जैसा लुक देते हैं। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026