नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में दो पहिया ईवी निर्माता कंपनी वीडा ने अपनी नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल यूबेक्स के डिजाइन का सफलतापूर्वक पेटेंट करा लिया है। हालांकि पेटेंट में दिखाई गई डिजाइन कॉन्सेप्ट वर्ज़न से अलग नज़र आती है और इसमें कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इस इलेक्ट्रिक बाइक को सबसे पहले ईआईसीएमए 2025 में कॉन्सेप्ट मॉडल के रूप में पेश किया गया था। इलेक्ट्रिक बाजार में हीरो की पकड़ धीरे-धीरे मजबूत हो रही है और कंपनी देश की टॉप-6 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड्स में शामिल हो चुकी है। पेटेंट में जो डिजाइन सामने आई है, वह पहले वाले सुपरमोटो-स्टाइल कॉन्सेप्ट की बजाय अधिक स्ट्रीटफाइटर जैसी लगती है। सामने की ओर मौजूद नुकीले फेंडर को बदलकर एक सिंपल फेंडर दिया गया है और कॉन्सेप्ट में मौजूद हैंडगार्ड अब गायब हैं। बाइक का साइड प्रोफाइल भी काफी बदला हुआ है। इसमें मोटे फ्यूल-टैंक जैसे सेक्शन और लंबी सिंगल-पीस सीट के साथ पारंपरिक स्ट्रीटफाइटर लुक अपनाया गया है। इसके अलावा, कॉन्सेप्ट में दिखाए गए इनवर्टेड फोर्क की जगह इस पेटेंट डिजाइन में टेलीस्कोपिक फोर्क का उपयोग किया गया है, जो इसे प्रैक्टिकल और किफायती उत्पादन-उन्मुख डिजाइन बनाता है। यूबेक्स कॉन्सेप्ट एक मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित था, जिसका उपयोग कई अलग-अलग मॉडल तैयार करने के लिए किया जा सकता था। अब पेटेंट डिजाइन को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वीडा इस मॉडल को कम्यूटर इलेक्ट्रिक बाइक सेगमेंट में उतारने की तैयारी कर रही है। लॉन्च के बाद यह इलेक्ट्रिक बाइक ओएलए रोडस्टेर एक्स प्लस, अल्ट्रावायलेट एफ 77, कोमाकी रेंजर, रेवोल्ट आरवी400 और ओबेन रोर ईझेड जैसे मॉडलों को सीधी टक्कर देगी। नए पेटेंट के सामने आने के साथ ही इस बाइक के प्रति बाजार में उत्सुकता और बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इस बाइक का प्रोडक्शन-स्पेक वर्ज़न लगभग तैयार है और इसे हीरो वर्ल्ड 2026 इवेंट में शोकेस किया जा सकता है, जो संभवतः फरवरी के आखिर या मार्च में आयोजित होगा। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026