नई दिल्ली (ईएमएस)। दिग्गज टेक कंपनी एप्पल साल 2026 में अपने प्रोडक्ट लाइनअप में कई नए डिवाइस पेश करने वाली है। इन डिवाइसों में बजट-फ्रेंडली आईफोन 17ई, नए आईपेड मॉडल और मेकबुक सीरीज शामिल हैं। आईफोन 17ई, 2025 में लॉन्च हुए आईफोन 16ई का अपग्रेड वर्जन होगा, जिसमें ए19 चिपसेट, बेहतर कैमरा और मेगसेफ चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। आईफोन 17ई में 48एमपी का रियर कैमरा और 18एमपी का फ्रंट कैमरा शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा फोन में डायनामिक इसलेंड फीचर भी देखने को मिल सकता है। एप्पल ने बजट-फ्रेंडली आईफोन ई सीरीज को लगातार अपडेट करते हुए इसे ज्यादा पावरफुल और यूजर-फ्रेंडली बनाने की योजना बनाई है। फोन के साथ-साथ एप्पल आईपेड लाइनअप को भी रिफ्रेश करने जा रहा है। इसमें 12वीं जनरेशन का आईपेड और आईपेड एयर मॉडल शामिल हैं। नए आईपेड में तेज प्रोसेसर, बेहतर डिस्प्ले और एप्पल इंटेलीजेंस सपोर्ट की उम्मीद है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ओलेड डिस्प्ले भी मिल सकता है, जिससे टैबलेट पर वीडियो और गेमिंग अनुभव और भी शानदार होगा। मेकबुक सीरीज में भी नए अपडेट्स आने वाले हैं। एप्पल मेकबुक एयर और मेकबुक प्रो में एम5 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया जाएगा, जो मशीनों को अधिक तेज, एफिशिएंट और पावरफुल बनाएगा। यह खासतौर पर प्रोफेशनल क्रिएटर्स, कोडर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए फायदेमंद होगा। एप्पल के इस नए लॉन्च के साथ साल की शुरुआत ही टेक बाजार में हलचल मचाने वाली है। सुदामा/ईएमएस 13 फरवरी 2026