फिरोजाबाद (ईएमएस) जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 21 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश परवेज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर फिरोजाबाद और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। ठोस साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपी थाना उत्तर क्षेत्र की बैंदी की पुलिया के पास छिपा हुआ है। जैसे ही पुलिस टीम ने दबिश दी, परवेज ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पहचान बदलकर रह रहा था शातिर प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि परवेज वर्षों से अपने पिता का नाम बदल-बदल कर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। वह वर्तमान में अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चलाकर गुमनाम जिंदगी बिता रहा था। वर्ष 2005 से दर्ज एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को 18 मई 2006 से स्थायी गैरहाजिर घोषित किया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। हथियार और बाइक बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जिसका चेसिस नंबर भी घिसा हुआ था) और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कई गंभीर मामलों में था वांछित परवेज के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, डकैती, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से लंबे समय से लंबित मामलों के खुलासे में मदद मिलेगी। अधिकारी ने क्या कहा अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी के साथ ही उसके पास से अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस