राज्य
13-Feb-2026
...


- नक्सली लीडर बसवराजू के स्मारक ध्वस्त बीजापुर(ईएमएस)। जिला में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया। सड़कों के नीचे प्लांट किए गए 35 किलोग्राम वजनी आईईडी को समय रहते खोजकर नष्ट कर दिया गया, वहीं मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात नक्सली नेता बसवराजू सहित अन्य नक्सली स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मुदरदंडा–तुमनार मार्ग पर पक्की सड़क के नीचे गहरा गड्ढा खोदकर आईईडी लगाया गया था। डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने विस्फोटक का पता लगाया। आईईडी अधिक गहराई में होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विस्फोट से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसे बाद में भरकर आवागमन बहाल किया गया। गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी डोडीतुमनार इलाके में सीआरपीएफ 153वीं वाहिनी के जवानों ने डिमाइनिंग के दौरान प्रेशर आईईडी डिटेक्ट कर उसे नष्ट किया। इसके अलावा कुटरू थाना क्षेत्र में कोबरा 210 वाहिनी द्वारा नक्सल विरोधी अभियान के दौरान माड़ इलाके में इंद्रावती नदी किनारे नक्सलियों द्वारा बनाए गए बसवराजू के स्मारक को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसी क्रम में गंगालूर क्षेत्र के तोड़का–कोरचोली और पेद्दाकोरमा के घने जंगलों में सर्चिंग के दौरान सीआरपीएफ 222 वाहिनी की टीम ने नक्सलियों के अन्य स्मारकों पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें नष्ट किया।