जशपुर(ईएमएस)। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं की शुचिता, पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जशपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास ने तहसील कार्यालय परिसर स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और VVPAT वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मशीनों के रखरखाव, भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की जमीनी स्थिति का आकलन करना था। यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा सील की जांच कर नियमानुसार उसे खोला गया और पूरी प्रक्रिया का विधिवत अवलोकन किया गया, ताकि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की शंका न रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वेयरहाउस के भीतर और बाहर स्थापित सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। 24 घंटे संचालित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, रिकॉर्डिंग सिस्टम की कार्यशीलता, अग्निशमन यंत्रों की स्थिति तथा अन्य आपातकालीन सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गई। मशीनों के सुरक्षित भंडारण, नमी से बचाव और तापमान नियंत्रण से जुड़े इंतजामों का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढील स्वीकार नहीं होगी और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार नियमित जांच व निगरानी जारी रखी जाए। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिओम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026