बस्तर(ईएमएस)। जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत बनियागांव के पास बहने वाली भास्कली नदी में अवैध रेत खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से बड़े पैमाने पर रेत निकालकर पड़ोसी राज्य ओडिशा तक तस्करी की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में जिस स्थान पर रेत खनन की खबर सामने आई थी, उससे करीब 300 मीटर दूर एक और अघोषित खदान शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि नदी के दूसरे छोर से जेसीबी मशीनों और भारी वाहनों की मदद से लगातार रेत निकाली जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनिज विभाग के कुछ अधिकारी ही रेत माफियाओं को हाईवा ट्रक और जेसीबी मशीन किराए पर उपलब्ध करा रहे हैं। इन्हीं मशीनों से नदी की खुदाई कर रेत निकाली जा रही है और वाहनों से उसे ओडिशा में स्टॉक किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह रेत आगे औद्योगिक उपयोग के लिए ठेकेदारों के माध्यम से बेची जा रही है, जिसमें नगरनार स्टील प्लांट से जुड़े ठेकेदारों का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर बताया है कि अवैध खनन से नदी की धारा बदल रही है और बाढ़ के समय कृषि भूमि का कटाव बढ़ गया है। कई खेतों में रेत भर जाने से खेती करना मुश्किल हो गया है। बताया गया कि लगातार खुदाई से नदी में 15–20 फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे जलस्तर कम हो रहा है और गर्मी के मौसम में सिंचाई के लिए पानी की कमी होने की आशंका है।ग्रामीणों ने अवैध खनन और परिवहन पर तत्काल रोक लगाने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026