जबलपुर (ईएमएस)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के शुक्रवार सुबह डुमना विमानतल पहुँचने पर सियासी सरगर्मी तेज हो गई। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पटवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ संक्षिप्त चर्चा करते हुए उन्हें आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और पार्टी की जिम्मेदारियों को पूरी सजगता से निभाने की नसीहत दी। कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए पटवारी ने कहा कि भाजपा द्वारा जनता के बीच फैलाए जा रहे भ्रम की असल तस्वीर उजागर करना ही मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं को ब्लॉक और जमीनी स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी को निधारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे जबलपुर सर्किट हाउस-1 में एक विशेष संवाद सत्र में हिस्सा लेना था परंतु अचानक कार्यक्रम में बदलाव हो जाने के कारण वे सर्किट हाउस जाने के बजाय सीधे सड़क मार्ग से शहडोल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि वे वहां आयोजित जनआक्रोश रैली में शामिल होंगे। अजय पाठक / मोनिका / 13 फरवरी 2026