क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के ताड़ोकी में ड्राइवर संघ की संभाग स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें खनन क्षेत्रों खासकर रावघाट माइंस से जुड़े रोजगार और स्थानीय ड्राइवरों की भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में संघ पदाधिकारियों ने माइंस और अन्य परिवहन कार्यों में स्थानीय संघ की गाड़ियों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई। संघ के संचालक याकूब गोरी और नारायणपुर ड्राइवर संघ के अध्यक्ष संजय कर्मकार ने कहा कि बस्तर संभाग में भारी मात्रा में खनिज संपदा मौजूद है, जिसकी खुदाई और परिवहन ट्रक, हाईवा व अन्य वाहनों से किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इन वाहनों में स्थानीय ड्राइवरों के बजाय बाहरी राज्यों के ड्राइवर रखे जा रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर बेरोजगारी बढ़ रही है। बैठक में यह भी कहा गया कि माइंस क्षेत्रों में मजदूरी और रोजगार के अवसरों में भी स्थानीय लोगों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही वाहन मालिकों द्वारा ड्राइवरों पर दबाव, बदसलूकी और अनियमित समय पर वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने की बात भी सामने आई। बस्तर संभाग ड्राइवर संघ ने चेतावनी दी कि यदि माइंस प्रबंधन और वाहन मालिक स्थानीय बेरोजगार ड्राइवरों को प्राथमिकता नहीं देते हैं, तो संघ जनता के सहयोग से आंदोलन करने को मजबूर होगा। इसकी सूचना प्रशासन को देने की बात भी कही गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लेकर ड्राइवरों की मांगों का समर्थन करने का भरोसा दिलाया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)1