क्षेत्रीय
13-Feb-2026
...


धमतरी(ईएमएस)।जिले के अर्जुनी क्षेत्र में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कांजी हाउस सह-बस स्टॉप का निर्माण तो किया गया, लेकिन वहां आवारा मवेशियों को रखने की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पाई है। इसके चलते शहर की सड़कों पर सुबह से शाम तक मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को हादसों का खतरा बना हुआ है। मुख्य मार्गों पर भी मवेशियों की आवाजाही से यातायात प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार दुर्घटना जैसी स्थिति बन जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा। इस मामले में नगर निगम धमतरी द्वारा मवेशियों को पकड़ने के लिए टीम गठित किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन नागरिकों का आरोप है कि टीम सक्रिय रूप से काम नहीं कर रही। शहर में आवारा मवेशियों के साथ-साथ कुत्तों की बढ़ती संख्या से भी लोग परेशान हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर शहर को आवारा पशुओं की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।