धमतरी(ईएमएस)। जिले के मगरलोड क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 706 नग देसी शराब बरामद की है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 5 लाख 72 हजार 320 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई मगरलोड थाना पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि बोरसी गांव की ओर अवैध देसी शराब ले जाई जा रही है। सूचना के बाद शराब भट्ठी रोड स्थित गौठान के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार में सवार केशव दास सोनवानी, दुर्गेश सोनवानी और ललित महानंद के पास भारी मात्रा में देसी शराब मिली, जिसके परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने मौके पर शराब और रेनॉल्ट कंपनी की ट्राइबर कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। बाद में आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि जब्त शराब में 310 पौवा प्लेन और 396 पौवा देसी मसाला शराब शामिल है। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।