राष्ट्रीय
13-Feb-2026


-कहा- पिछली सरकारों की तुलना में अपराध कम हुए, असंतुष्ट सपा ने सदन से किया बहिर्गमन लखनऊ,(ईएमएस)। यूपी के विधानमंडल के बजट सत्र के चौथे दिन दोनों सदनों में समाजवादी पार्टी ने कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इस पर सत्ता पक्ष व विपक्ष में तीखी बहस हुई। विपक्ष ने प्रयागराज, मेरठ समेत कई जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। सरकार जाति-धर्म देखकर कार्रवाई करती है। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों को नकारते हुए एनसीआरबी के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में अपराध कम हुए हैं। सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर सपा ने दोनों सदन से बहिर्गमन किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विधानसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव के रूप में यह मुद्दा सपा सदस्य डा रागिनी सोनकर व अतुल प्रधान ने उठाया था। रागिनी ने प्रयागराज में खटिक समाज के चार बच्चों की मौत का जिक्र किया। इसके अलावा प्रयागराज में ही पप्पू सोनकर व अरविन्द सोनकर को गोली मारे जाने का मुद्दा उठाया। अतुल प्रधान ने कहा कि पुलिस खुद ही लूट की घटनाएं कर रही है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने एनसीआरबी के 2023 के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि हर तरह के अपराध प्रदेश में कम हुए हैं। डकैती में 79 फीसदी और बलात्कार में 67 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने अलग-अलग तरह के अपराध के और भी आंकड़े पेश किए। विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जिस पप्पू सोनकर की बात सपा कर रही वह हिस्ट्रीशीटर था और उस पर 31 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी थी जबकि उसकी मौत हार्टअटैक से हुई है। चार बच्चों की मौत नदी में नहाते समय डूबने से हुई। इसके बावजूद घरवालों की मांग पर एफआइआर लिखकर जांच की जा रही है। परिवार को चार-चार लाख रुपए मुआवजा और आवास दिया गया है। वहीं, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव व सपा के अन्य सदस्यों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। 2025 में महिला अपराधों के आंकड़े गिनाकर कानून व्यवस्था पर प्रश्न उठाए। डा मानसिंह यादव ने प्रदेश में अपराध बढ़ने की बात कही। सपा सदस्य किरण पाल कश्यप ने मेरठ के सोनू कश्यप हत्याकांड सहित अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पीडीए को निशाना बनाया जा रहा है। पीडीए से सरकार घबराई हुई है। सपा के मुकुल यादव ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण का उल्लेख किया। सरकार की ओर से जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपराध के 2016 और वर्तमान आंकड़ों की तुलनात्मक जानकारी देते हुए अपराध घटने की बात कही। सिराज/ईएमएस 13फरवरी26