-देश को साफ रखना सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने संसद के उच्च सदन में स्वच्छता और सिविक सेंस का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश को साफ रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। राज्यसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि शहरों में सड़कों पर कूड़ा, जाम फुटपाथ, खराब पब्लिक टॉयलेट और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी आम दृश्य बन चुके हैं। उन्होंने माना कि राज्य सरकारें और नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाने में कई बार नाकाम रहे हैं, लेकिन नागरिकों की मानसिकता भी बड़ी समस्या है। सांसद मालीवाल ने कहा, कि हम अपना घर साफ रखते हैं, लेकिन घर से बाहर निकलते ही सड़क को अपना नहीं मानते। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि लोग पार्कों में कूड़ा छोड़ देते हैं, पानी की बोतलें सड़क पर फेंक देते हैं और सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा थूकते हैं। उन्होंने दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां धक्का-मुक्की और लाइन तोड़ना आम बात है। इसके अलावा पर्यटन स्थलों और पहाड़ी इलाकों में गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। जापान और नॉर्थ ईस्ट का दिया उदाहरण सांसद मालीवाल ने कहा कि विदेशों में साफ-सफाई की तारीफ करने वाले लोगों को समझना चाहिए कि वहां लोग सार्वजनिक स्थानों को अपना मानते हैं। उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां बच्चे अपना क्लासरूम खुद साफ करते हैं। नियम तोड़ने पर हो भारी जुर्माना इसके साथ ही, उन्होंने भारत के नॉर्थ ईस्ट राज्यों की तारीफ करते हुए कहा कि वहां ट्रैफिक नियमों का पालन, नो हॉर्निंग और त्योहारों में जीरो प्लास्टिक जैसी पहलें अनुकरणीय हैं। स्वाति मालीवाल ने मांग की कि सिविक सेंस को स्कूल पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाए। साथ ही, सार्वजनिक नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा, देश को साफ रखना भी देशभक्ति है। अगर हमारी सोच बदलेगी, तभी भारत सच में स्वच्छ और सभ्य बन पाएगा। हिदायत/ईएमएस 13फरवरी26