राष्ट्रीय
13-Feb-2026


हैदराबाद,(ईएमएस)। तेलंगाना में शहरी स्थानीय निकायों के भविष्य का फैसला होने वाला है। 116 नगर पालिकाओं और 7 नगर निगमों के लिए 11 फरवरी को डाले गए वोटों की गिनती जारी है। राज्य भर के 123 मतगणना केंद्रों पर सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की गई, जिसके बाद मतपत्रों की गणना शुरू हुई। शुरुआती रुझानों और अब तक के परिणामों के मुताबिक सत्ताधारी कांग्रेस शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत दिख रही है, जबकि मुख्य विपक्षी दल बीआरएस और बीजेपी कई वार्डों में चुनौती दे रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी बीजेपी एवं बीआरएस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले का परिणाम इन सभी दलों के लिए अहम है, क्योंकि इससे मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता का पता चलेगा। मतों की गिनती में समय लगने की संभावना है क्योंकि मतदान के दौरान मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया था। मतगणना प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो, इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं। डीजीपी ने कहा है कि मतगणना के लिए व्यापक और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना केंद्रों पर करीब 12,000 पुलिस कर्मियों और त्वरित प्रतिक्रिया टीम को तैनात किया गया है। मतगणना कक्ष के भीतर केवल मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, उम्मीदवार और उनके चुनाव एवं मतगणना एजेंट ही मौजूद हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों और ‘स्ट्रांग रूम’ के बाहर ‘वेबकास्टिंग’ की गई है। बता दें चुनाव में 73 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सीएम ए रेवंत रेड्डी ने 12 फरवरी को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेताओं राहुल गांधी एवं के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की और उन्हें बताया कि कांग्रेस को शहरी चुनावों में अच्छे परिणाम मिलेंगे। बीजेपी नेता और केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने उम्मीद जतायी कि कांग्रेस द्वारा सत्ता के दुरुपयोग और धन वितरण के बावजूद बीजेपी प्रभावशाली परिणाम हासिल करेगी। कांग्रेस और पहले दो कार्यकाल तक राज्य पर शासन कर चुकी बीआरएस, दोनों के विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरने की उम्मीद में बीजेपी ने निकाय चुनाव में जोरदार प्रचार किया। बता दें 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शनके बाद, बीआरएस ने ग्राम पंचायत चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया और वह राज्य में नगर निगम चुनाव में बढ़त हासिल करना चाहती है। सिराज/ईमएएस 13फरवरी26