फिरोजाबाद (ईएमएस) जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जिले के उत्तर थाना क्षेत्र में ककरऊ-दौलतपुर गांव के पास निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक गिरने से मलबे में दबकर 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि अशोक यादव के मकान में लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक लेंटर भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की चपेट में घर के कुछ लोग भी आ गए। मलबे में दबने से सोना नाम की 4 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस संबंध में रवि शंकर प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। घायलों में कुछ परिवार के लोग है जबकि कुछ ठेकेदार के मजदूर है। ईएमएस