महासमुंद(ईएमएस)। जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में 17 वर्षीय नाबालिग उद्रेश वर्मा का शव मिला। उद्रेश बलौदाबाजार कसडोल जिले के ग्राम सर्वा का निवासी था और वह 15 दिन पहले अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। पुलिस के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। लौटते समय उसने जमनीडीह गांव जाकर अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने का फैसला किया, हालांकि दोस्त उसे रोकना चाहते थे। रात करीब 11 बजे वह गांव पहुंचा और अपने दोस्त के मोबाइल से कॉल कर मिला, जिसके बाद से लापता हो गया। 30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में उद्रेश की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी सहायता से तलाश जारी रखी। दोपहर करीब 2 बजे तलाशी दल को युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए। शव के कुछ हिस्से जानवरों द्वारा खाए गए थे। खराब हालत के कारण शव पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। पुलिस उद्रेश की गर्लफ्रेंड और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है। बताया गया कि दोनों की सोशल मीडिया और फोन पर बातचीत होती थी। प्रतिभा पांडेय ने बताया कि मौत का कारण हत्या है या अन्य किसी वजह से, इस मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल पर कोई संघर्ष या निशान नहीं मिले हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 फरवरी 2026