50 वर्षीय व्यक्ति पर किया हमला, रहवासी दहशत में इन्दौर (ईएमएस) कनाड़िया बायपास स्थित फीनिक्स मॉल के पास शंखेश्वर पार्श्वनाथ कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में कॉलोनी के निवासी 50 वर्षीय अनुपम वर्मा पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी अनुसार, अनुपम वर्मा अपने घर के पास थे, तभी अचानक आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर काट लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बचाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। रहवासियों का कहना है कि शंखेश्वर पार्श्वनाथ कॉलोनी में लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। ये कुत्ते आए दिन लोगों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बन रहे हैं। कई बार नगर निगम को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सोसायटी के प्रेसिडेंट उमेश दीक्षित ने बताया कि कॉलोनी में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर होती जा रही है और यह घटना प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द कार्रवाई कर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए, ताकि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कॉलोनी के रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे नगर निगम में सामूहिक रूप से शिकायत कर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। आनंद पुरोहित/ 13 फरवरी 2026