लुधियाना,(ईएमएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत 72 घंटे का ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाया गया। इस विशेष अभियान की अगुवाई गौरव यादव ने की, जिसमें राज्यभर में 12,000 पुलिसकर्मियों की 2,000 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया। अभियान के दौरान वांछित अपराधियों से जुड़े 8,278 ठिकानों पर छापेमारी की गई। 3 दिनों की कार्रवाई में कुल 7,498 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिसमें से 3,260 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 135 फरार अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके अतिरिक्त 1,450 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया, जबकि जांच के बाद 2,788 व्यक्तियों को रिहा किया। विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि यह अभियान उम्मीद से अधिक सफल रहा है और राज्य को पूरी तरह गैंगस्टर मुक्त बनाने तक कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं। इसी दौरान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के 347वें दिन 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां और 4,700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पिछले 347 दिनों में कुल 49,129 नशा तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। साथ ही 14 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास के लिए प्रेरित किया गया है। आशीष दुबे / 13 फरवरी 2026